उत्तराखंड- यहां विजलेंस की बड़ी कार्यवाही, लेखाकार को 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार

अल्मोड़ा जिले के विकास खंड लमगड़ा स्थित ब्लॉक कार्यालय में तैनात लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी लेखाकार ने एक शिकायतकर्ता से उसके स्वीकृत तीन लाख रुपये के शौचालय निर्माण कार्य के टेंडर की एफडीआर रिलीज कराने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी को दी, जिसके बाद टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की।
मंगलवार को सतर्कता टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा परिसर में ही आरोपी को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी की पहचान हर सिंह बिष्ट पुत्र बहादुर सिंह बिष्ट, निवासी मोहल्ला बांसमीड़ा, नंदा देवी मंदिर के निकट, चीनाखान (अल्मोड़ा) के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। सतर्कता विभाग की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
सतर्कता विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी सूचना तुरंत सतर्कता विभाग को दें, ताकि भ्रष्टाचार के मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।








