उत्तराखंड- अब इस जिले में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट, 28 जनवरी को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखण्ड राज्य के विभिन्न जनपदों सहित पिथौरागढ़ जिले में 28 जनवरी 2026 को कहीं-कहीं मध्यम वर्षा एवं बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत 28 जनवरी 2026 (बुधवार) को जनपद पिथौरागढ़ में कक्षा 1 से कक्षा 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी पिथौरागढ़ एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास विभाग को निर्देश दिए हैं कि वे सभी शैक्षिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें।
मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के अचानक बिगड़ने और बर्फबारी के कारण यातायात और जनजीवन प्रभावित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।









