उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड पुलिस को मिली नई पहचान, बदला ध्वज और प्रतीक चिह्न

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड पुलिस अब नए ध्वज, नए प्रतीक चिह्न और नई सेरेमोनियल वर्दी में नजर आएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास के सभागार में उत्तराखंड पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। पुलिस के गौरव चिह्नों में यह बदलाव उसकी पहचान, गौरवशाली परंपरा और कार्यशैली को नई मजबूती देने के उद्देश्य से किया गया है।

 

 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। साथ ही उत्तराखंड पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नत हुईं शाहजहां जावेद खान और जगदीश चंद्र को प्रतीक चिह्न अलंकृत कर बधाई दी।

 

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पुलिस के गौरव चिह्नों में बदलाव केवल वर्दी और प्रतीकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पुलिस की गौरवशाली परंपरा, अनुशासन, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को और मजबूत करने का प्रयास है। उत्तराखंड पुलिस का नया ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ रखा गया है, जो कर्तव्य, सत्य और साहस का संदेश देता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से इन आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में अपनाने की अपील की।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ पैदल घर लौट रहे ग्रामीण को हाथी ने पटक-पटककर उतारा मौत के घाट

 

 

सीएम ने कहा कि पुलिस की वास्तविक पहचान तभी मजबूत होगी, जब आम नागरिकों को उसके कामकाज में संवेदनशीलता, निष्पक्षता और तत्परता दिखाई देगी।

 

 

भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए 1064 हेल्पलाइन

सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि कहीं भी भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत सामने आने पर हेल्पलाइन नंबर 1064 पर सूचना दें।

 

 

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा की जाए। शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनने और उनके कार्य तय समय में पूरे करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  सेंचुरी ने विश्व ओजोन दिवस पर जन जागरूकता शिविर का किया आयोजन

 

 

6 नवंबर को अमित शाह करेंगे उत्तराखंड पुलिस को सम्मानित

मुख्यमंत्री ने बताया कि 6 नवंबर को उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इस सम्मान से उत्तराखंड पुलिस बल को अलंकृत करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर पुलिस के जवान नई सेरेमोनियल वर्दी में परेड में शामिल होंगे।

 

 

ऐसा होगा उत्तराखंड पुलिस का नया ध्वज और प्रतीक चिह्न

उत्तराखंड पुलिस के नए प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, ‘सत्यमेव जयते’, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। ये प्रतीक राष्ट्रीय गौरव, सत्य, न्याय, उत्कृष्टता और उत्तराखंड की भौगोलिक पहचान को प्रदर्शित करते हैं।

 

 

नए ध्वज में पुराने तीन रंगों वाले क्षैतिज डिजाइन की जगह गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि रखी गई है। इसके बीच में पुलिस का नया प्रतीक चिह्न होगा, जबकि किनारों पर लाल और स्वर्णिम रंग की पट्टियां होंगी।

 

 

इसके अलावा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्दी पर लगाए जाने वाले फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया और क्रेस्ट को भी नए प्रतीक चिह्न के अनुरूप तैयार किया गया है। पारंपरिक खाकी वर्दी में बहुरंगी सेरेमोनियल सैश, अलंकरण और परेड से जुड़ी विशेष साज-सज्जा को शामिल किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून -(बड़ी खबर) यहां राज्य महिला आयोग ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट व पुलिस की टीम के साथ स्पा सेंटरो पर मारा छापा,13 लड़किया की रेस्क्यू, पढ़े पूरी खबर।

 

 

गौरतलब है कि उत्तराखंड पुलिस के पुराने ध्वज का अनावरण 4 अप्रैल 2008 को किया गया था। बदलती सुरक्षा चुनौतियों और पुलिस की बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए अब नए गौरव चिह्न तैयार किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने 21 अक्टूबर 2026 को इनके नए स्वरूप को मंजूरी दी थी।

 

 

कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, महानिदेशक पी.वी.के. प्रसाद, महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन, सचिव दिलीप जावलकर, आर. राजेश कुमार, पंकज पांडेय और पुलिस महानिरीक्षक रिधिम अग्रवाल सहित शासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।