शादी के 20 दिन बाद ही टूटा रिश्ता! पति बोला- ‘तुम काली-कलूटी हो’, 15 लाख खर्च कर बेटी की शादी करने वाली मां पहुंची महिला आयोग

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राष्ट्रीय महिला आयोग की जनसुनवाई के दौरान एक मां ने अपनी बेटी के साथ हुई कथित प्रताड़ना की दर्दभरी कहानी सुनाई। आरोप है कि गुरुग्राम में शादी के बाद ससुराल वालों ने नवविवाहिता को उसके रंग को लेकर ताने देने शुरू कर दिए। यहां तक कि पति ने भी कथित तौर पर उसे यह कहते हुए अपमानित किया कि ‘तुम काली-कलूटी हो, मेरे साथ रहने लायक नहीं हो।’ शादी के महज 20 दिन के भीतर ही हालात इतने बिगड़ गए कि बेटी को मायके वापस लौटना पड़ा। अब मां ने राष्ट्रीय महिला आयोग से न्याय और शादी में दिया गया सामान वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
नवंबर 2025 में धूमधाम से की थी शादी, खर्च किए 15 लाख रुपये
देहरादून के किशननगर निवासी मालती देवी ने अपनी सबसे छोटी बेटी की शादी नवंबर 2025 में हरियाणा के गुरुग्राम निवासी जितेंद्र से की थी। परिवार ने बेटी की शादी धूमधाम से की और करीब 15 लाख रुपये खर्च किए। इसमें दहेज का सामान और सोने-चांदी के गहने भी शामिल थे।
मालती देवी के मुताबिक, बेटी के लिए रिश्ता एक बिचौलिए के माध्यम से आया था। बिचौलिए ने बताया था कि लड़का अच्छा दिखता है और हर महीने करीब 40 हजार रुपये कमाता है। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से शादी तय हो गई।
मेकअप हटते ही रंग को लेकर शुरू हुए ताने!
मालती देवी ने आयोग के सामने आरोप लगाया कि शादी के एक-दो दिन बाद ही बेटी को उसके रंग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। ससुराल पक्ष के लोग उसे काली बताते हुए ताने मारने लगे। यहां तक कि पति ने भी कथित तौर पर उसे अपने साथ रहने के लायक नहीं बताया।
मां का आरोप है कि ससुराल वालों का कहना था कि शादी से पहले लड़की को मेकअप कराकर दिखाया गया था, लेकिन मेकअप हटने के बाद उसका असली रंग सामने आया। इसी बात को लेकर उसे अपमानित किया जाने लगा। आरोप यह भी है कि बेटी को ससुराल में ठीक से खाना-पानी तक नहीं दिया जाता था।
बेटी का फोन आया तो दिसंबर में मायके ले आई मां
लगातार प्रताड़ना से परेशान बेटी ने फोन पर अपनी मां को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद मालती देवी दिसंबर में ही बेटी को गुरुग्राम से देहरादून वापस ले आईं। मां के मुताबिक, शादी के बाद उनकी बेटी मानसिक रूप से परेशान है। वह पहले देहरादून में नौकरी करती थी, लेकिन शादी के चलते उसे अपनी नौकरी भी छोड़नी पड़ी।
पुलिस से लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंची मां
बेटी को न्याय दिलाने के लिए मालती देवी पुलिस और राज्य महिला आयोग के चक्कर काट चुकी हैं। अब उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग की जनसुनवाई में अपनी शिकायत रखी है। उनकी मांग है कि बेटी को दोबारा ससुराल नहीं भेजना चाहतीं और शादी में दिए गए सामान व गहनों को वापस दिलाया जाए।
NCW अध्यक्ष ने पुलिस को दिए कार्रवाई के निर्देश
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने जनसुनवाई के दौरान मामले को गंभीरता से लेते हुए देहरादून पुलिस को जल्द कार्रवाई करने और चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए। अब पीड़ित परिवार को पुलिस की कार्रवाई और न्याय मिलने का इंतजार है।
नोट: खबर में लगाए गए प्रताड़ना और दहेज संबंधी आरोप मालती देवी की ओर से जनसुनवाई में रखी गई शिकायत पर आधारित हैं।










