उत्तराखंड- यहाँ हुआ दर्दनाक सड़क हादसा: 50 फीट गहरी खाई में गिरी कार, पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, पांच घायल

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा ऊखीमठ कोतवाली क्षेत्र के भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर उस समय हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी और एक पेड़ पर अटक गई। घायलों में तीन से दस वर्ष आयु के चार बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12:15 बजे कार बांसवाड़ा क्षेत्र से पेलिंग-उथिंड गांव की ओर जा रही थी। वाहन में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं।
रेस्क्यू टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खाई में उतरकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा। हादसे में उथिंड गांव निवासी महेंद्र सिंह (66 वर्ष), उनके पुत्र अंजन सिंह (37 वर्ष) और संगीता देवी (29 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं रेशमा देवी, दक्षित (5 वर्ष), सोनाली (3 वर्ष), विहान (8 वर्ष) और वैभव (10 वर्ष) घायल हो गए। सभी घायलों का अगस्त्यमुनि अस्पताल में उपचार चल रहा है और चिकित्सक उनकी निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पंचायतनामा समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से उथिंड गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।
24 घंटे में 12 लोगों की गई जान
उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग हादसों में 12 लोगों की मौत हो चुकी है। चमोली जिले में देहरादून से पार्थिव शरीर लेकर लौट रही एक वैन के खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। गंगोत्री धाम में स्नान के दौरान भागीरथी नदी में बहने से एक महिला की जान चली गई। रुद्रप्रयाग के तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से लखनऊ के दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक पर्यटक घायल हुआ। अल्मोड़ा में डंपर खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई और उत्तरकाशी में कार दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई।
लगातार हो रहे हादसों ने प्रदेश में चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।








