हल्द्वानी में पुताई करने आया युवक निकला शातिर चोर, 3.17 लाख रुपये संग गिरफ्तार

हल्द्वानी न्यूज़- नैनीताल पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसने पहले पुताई के बहाने कार्यालय की रेकी की और फिर मौका मिलते ही लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 3 लाख 17 हजार रुपये बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी कुछ दिन पहले एक कार्यालय में पुताई का काम करने आया था। इसी दौरान उसकी नजर कार्यालय में रखी बड़ी नकदी पर पड़ गई। पुलिस के मुताबिक, शक से बचने के लिए आरोपी करीब 10 दिनों तक शांत बैठा रहा और फिर देर रात कार्यालय का शटर तोड़कर अंदर घुस गया। आरोपी वहां से करीब 3 लाख 50 हजार रुपये नकद और एक आधार कार्ड चोरी कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और सर्विलांस व मैन्युअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की तलाश की गई। मुखानी क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 31 वर्षीय बबलू के रूप में हुई है, जो पेशे से पुताई का काम करता है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की रकम में से 3.17 लाख रुपये बरामद किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर या कार्यालय में काम करने आने वाले बाहरी लोगों की पूरी जानकारी और पहचान सत्यापित करने के बाद ही उन्हें काम पर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।








