उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तरकाशी में चाचा को कुल्हाड़ी से काटने वाला गिरफ्तार, चार दिन जंगल में छिपा रहा आरोपी; बोलेरो रोककर किया था हमला

उत्तरकाशी न्यूज़- मोरी क्षेत्र के बरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर चाचा की कुल्हाड़ी से हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को चार दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी घने जंगलों में छिपा रहा। ग्रामीण चरवाहों को उसके जंगल में छिपे होने की जानकारी मिली तो उन्होंने उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपी मोरी कस्बे में छिपने की कोशिश कर रहा था, जहां पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ गई और उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

 

 

बोलेरो रोककर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को बरी गांव निवासी करम चंद उर्फ गांधी (38) अपनी बोलेरो से मोरी कस्बे की ओर जा रहे थे। दांताधार तोक के पास उनका रिश्ते का भतीजा सुमन चंद्र देव (20) मिल गया। दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानीः युवक ने किया अपनी सगी नाबालिक बहन से दुष्कर्म, भाई बहन का रिश्ता हुआ हुए शर्मसार

 

 

कुल्हाड़ी से हाथ, पैर और गर्दन पर किए वार

विवाद बढ़ने पर आरोपी सुमन चंद्र ने कुल्हाड़ी से करम चंद पर हमला कर दिया। उसने उनके हाथ, पैर और गर्दन पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होकर करम चंद जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी ने उनकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से जोरदार वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

 

वारदात के बाद जंगल में भागा आरोपी

हत्या के बाद आरोपी गांव से सटे नदी के रास्ते होते हुए घने जंगलों की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर मोरी थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और एसओजी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून -(बड़ी खबर) UKPSC में आई 1097 पदों पर इस भर्ती को लेकर जारी की अपडेट

 

 

नेटवर्कविहीन दुर्गम इलाके में पुलिस को करनी पड़ी कॉम्बिंग

घटनास्थल मोरी तहसील मुख्यालय से करीब 24 किलोमीटर दूर दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में है। क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं होने के कारण पुलिस को आरोपी की तलाश में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मृतक की पत्नी की शिकायत पर 8 सितंबर को आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

 

 

जंगलों में तलाश के बाद मोरी कस्बे में दबोचा

एसपी कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की टीमों ने आरोपी की तलाश में जंगलों के साथ उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान ग्रामीण चरवाहों को आरोपी के जंगल में छिपे होने की जानकारी मिली। ग्रामीणों के वहां पहुंचने पर आरोपी जंगल से भाग निकला।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- सीएम धामी ने श्रमिकों और आश्रितों को दी बड़ी सौगात, 25 करोड़ रुपये डीबीटी के जरिए खातों में भेजे

 

 

इसके बाद आरोपी ने मोरी कस्बे में छिपने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे देख लिया। 11 सितंबर को पुलिस ने सुमन चंद्र देव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 

 

स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी की प्रवृत्ति झगड़ालू बताई जा रही है और वह पहले भी गांव के कई लोगों से मारपीट कर चुका है। आरोपी के पिता जयचंद के भी एक विवाद के मामले में जेल में बंद होने की जानकारी सामने आई है।