उत्तराखंड के चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बिरजू मयाल गिरफ्तार, अस्पताल में वीडियो बनाने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप

उत्तराखंड के चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर बिरजू मयाल को नैनीताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय प्रशासन की शिकायत पर की है। बिरजू मयाल पर अस्पताल की छवि खराब करने, डॉक्टरों और कर्मचारियों के काम में बाधा डालने समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, उनके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।

मामला 9 सितंबर का है। बताया गया कि बिरजू मयाल रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने अस्पताल में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था, डॉक्टरों की उपलब्धता और मरीजों को बाहर भेजे जाने को लेकर वीडियो बनाया। वीडियो को उन्होंने सोशल मीडिया पर अपलोड किया। अस्पताल प्रशासन का आरोप है कि वीडियो बनाने के दौरान उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों के काम में बाधा डाली और अस्पताल की छवि धूमिल करने का प्रयास किया।
सीएमएस की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
अस्पताल के सीएमएस डॉ. तपन शर्मा की शिकायत के आधार पर रामनगर कोतवाली पुलिस ने बिरजू मयाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। रामनगर कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि सीएमएस की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि बिरजू मयाल के खिलाफ छह से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वीडियो में अस्पताल की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल
सामने आए वीडियो में बिरजू मयाल अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से सवाल करते नजर आए। उन्होंने एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड की सुविधा, डॉक्टरों की उपलब्धता और मरीजों को बाहर भेजे जाने को लेकर सवाल उठाए। वीडियो में एक महिला मरीज से बातचीत भी दिखाई गई, जिसने बताया कि वह करीब आठ महीने की गर्भवती है और उसका अब तक अल्ट्रासाउंड नहीं हुआ है। इस पर अस्पताल अधिकारी ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है और उस दिन अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध थी।
वीडियो में बाल रोग विशेषज्ञ के कमरे के बंद होने और कुछ डॉक्टरों के अपनी सीट पर मौजूद नहीं होने को लेकर भी सवाल किए गए। अस्पताल अधिकारी ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ की 15 तारीख तक छुट्टी स्वीकृत है, जबकि एक महिला डॉक्टर गर्भवती होने के कारण मेडिकल अवकाश पर हैं।
निजी क्लीनिक भेजने और कमीशन लेने के लगाए आरोप
वीडियो के दौरान बिरजू मयाल ने अस्पताल के डॉक्टरों पर मरीजों को निजी क्लीनिक भेजने और कमीशन लेने के आरोप भी लगाए। इस पर अस्पताल अधिकारी ने कहा कि यदि आरोपों के संबंध में कोई साक्ष्य है तो उसे प्रस्तुत किया जाए। मयाल ने एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को बाहर भेजे जाने का मुद्दा भी उठाया। अधिकारी ने कहा कि इस संबंध में उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। वीडियो के अंत में मयाल ने एक मरीज के परिजन से एक्स-रे के लिए ‘मोदी क्लीनिक’ भेजे जाने के बारे में पूछा, जिस पर परिजन ने इसकी पुष्टि की।
सोशल मीडिया पर पांच लाख से अधिक फॉलोअर्स
बिरजू मयाल मूल रूप से नैनीताल जिले के कोटाबाग क्षेत्र के रहने वाले बताए जाते हैं और वर्तमान में रामनगर में रहते हैं। वह ‘Birju Mayal News Today’ नाम से यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम पर सक्रिय हैं। उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पांच लाख से अधिक फॉलोअर्स होने का दावा किया जाता है। वह अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों, जनसमस्याओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़े मुद्दों पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं।
पहले भी विवादों में रहा नाम
बिरजू मयाल का नाम इससे पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। उपलब्ध एफआईआर और पुलिस रिपोर्टों के अनुसार, वर्ष 2021 में कालाढूंगी थाने में मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और एससी/एसटी एक्ट से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2022 में सरकारी काम में बाधा, संपत्ति को नुकसान और धमकी देने के आरोपों में भी मुकदमा दर्ज किया गया था।
वर्ष 2025 में अल्मोड़ा और काशीपुर में भी उनके खिलाफ मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। मार्च 2025 में काशीपुर में उनके साथ मारपीट के बाद दूसरे पक्ष की शिकायत पर उनके खिलाफ काउंटर केस दर्ज किया गया था। मई 2025 में उनकी पत्नी सरिता मयाल की ओर से भी मारपीट और बदनाम करने की धमकी देने संबंधी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। इसके अलावा रामनगर थाने में वर्ष 2025 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मारपीट, पैसों की मांग, महिला से अभद्रता और धमकी से जुड़े अलग-अलग मामलों का भी उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में बताया गया है।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में पुलिस ने बिरजू मयाल को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।








