उत्तराखंड में आज सभी जिलों में बारिश का अलर्ट, आदि कैलाश मार्ग फिर बंद

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ है। प्रदेश के सभी जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज से अति तेज बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
अल्मोड़ा के चौखुटिया में देर रात मूसलाधार बारिश हुई, जिसके बाद रामगंगा नदी अचानक उफान पर आ गई। नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों में भी लोगों की चिंता बढ़ गई। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है।
पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग फिर बंद हो गया है। दोबाट के पास पहाड़ी दरकने से सड़क पर मलबा और पत्थर आ गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। इससे पहले मलघाट और गस्कू मार्ग करीब तीन दिन तक बंद रहे थे। मंगलवार को बीआरओ ने इन मार्गों को चौथे दिन यातायात के लिए खोला था, लेकिन कुछ ही देर बाद दोबाट में पहाड़ी दरकने से मार्ग दोबारा बंद हो गया।
रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी खतरा बरकरार है। चीरबासा के पास लगातार पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए उन्हें हेलमेट पहनाकर धाम भेजा जा रहा है। वहीं, चार दिन पहले हुई लैंडस्लाइड की चपेट में आए घोड़े-खच्चरों के शव अभी भी रास्ते में जगह-जगह पड़े हैं। शवों के कारण चीरबासा क्षेत्र में दुर्गंध फैलने के साथ सांस लेने में परेशानी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
17 सितंबर: प्रदेश के सभी जिलों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
18 सितंबर: सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।
19 सितंबर: पर्वतीय जिलों में मौसम फिर करवट ले सकता है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क बाधित होने और अचानक नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रह सकता है।







