हरिद्वार में बीच सड़क गुंडागर्दी: 5 युवकों ने स्कूटी सवार को घेरकर पीटा, डंडे से सिर फोड़ा; CCTV वायरल

हरिद्वार न्यूज़- हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में बीच सड़क पर एक युवक के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि बाइक सवार पांच युवकों ने स्कूटी से घर लौट रहे युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा। हमलावरों ने डंडे से उसके सिर पर वार किया और सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट की। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मेडिकल रिपोर्ट में कई चोटों की पुष्टि हुई है।
मैच खेलकर लौट रहे युवक को रास्ते में रोका
जानकारी के अनुसार, रावली महदूद स्थित हरिद्वार ग्रीन सोसाइटी निवासी रितिक कुमार जमालपुर में क्रिकेट मैच खेलने गए थे। शुक्रवार को मैच समाप्त होने के बाद वह स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कनखल क्षेत्र में हरेराम आश्रम के पास पहले से मौजूद कार्तिक नामक युवक और उसके पांच साथियों ने उन्हें रोक लिया।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई।
डंडे से हमला, फिर सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने रितिक पर हमला कर दिया। हमलावरों ने डंडे से उनके सिर पर वार किया और लगातार थप्पड़ व घूंसे बरसाए। जान बचाने के लिए जब रितिक वहां से भागने लगे तो आरोपी उन्हें सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटते रहे।
घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अपनी बाइक (UK 08 BJ 5994) से फरार हो चुके थे।
मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि
हरिद्वार जिला चिकित्सालय की मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, हमले में रितिक के सिर के पिछले हिस्से में गहरा घाव हुआ है, जिससे काफी खून बहा। इसके अलावा दाहिने कान के पीछे सूजन और अंदरूनी चोट पाई गई है।
रिपोर्ट में पीठ के दाहिने हिस्से और कंधे के पास बड़े नील के निशान होने की भी पुष्टि हुई है। युवक के हाथ-पैरों पर भी कई खरोंचें आई हैं।
CCTV फुटेज वायरल, पुलिस जांच में जुटी
मारपीट की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित रितिक कुमार ने कनखल थाना पुलिस को आरोपियों के नाम और वाहन नंबर के साथ लिखित शिकायत सौंप दी है। पुलिस ने शिकायत और वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







