रुड़की में सड़क पर मचा हड़कंप: युवक ने चाकू से खुद को किया घायल, गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया

रुड़की न्यूज़- हरिद्वार जिले के रुड़की में मंगलवार सुबह गणेशचौक के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने धारदार चाकू से खुद को घायल कर लिया। युवक के गर्दन पर चोट लगने से सड़क पर खून फैल गया, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे गणेशचौक के पास तुलसी हॉस्पिटल के नजदीक हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक युवक रुड़की रेलवे स्टेशन की ओर से गणेशचौक की तरफ आ रहा था। इसी दौरान तुलसी हॉस्पिटल के पास उसने अचानक धारदार चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर लिया।
युवक के घायल होते ही मौके पर खून बहने लगा। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोग सहम गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में युवक का उपचार किया जा रहा है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस युवक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और युवक की पहचान के साथ ही घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।






