उत्तराखंड- यहाँ छत निर्माण विवाद में चली गोली, भाई समेत तीन पर फायरिंग; आरोपी गिरफ्तार

अल्मोड़ा जिले के धौलछीना थाना क्षेत्र में छत निर्माण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मंगलता गांव में एक व्यक्ति ने अपने ही परिवार के तीन सदस्यों पर फायरिंग कर दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त असलहा भी बरामद कर लिया है।
छत निर्माण को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना 28 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे की है। अर्जुन सिंह अपने पड़ोसी नारायण सिंह के मकान की छत निर्माण के संबंध में एक मिस्त्री को दिखाने गए थे। इसी दौरान गांव के ही राजू उर्फ राजेंद्र सिंह नेगी (55) से उनकी कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई। शोर-शराबा सुनकर अर्जुन सिंह की पत्नी दीपा देवी और बेटा मनजीत सिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। इससे आरोपी और अधिक उग्र हो गया।
घर से बंदूक लाकर झोंका फायर
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राजू उर्फ राजेंद्र सिंह नेगी अपने घर गया और वहां से 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक निकालकर तीनों पर फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे लगने से अर्जुन सिंह, दीपा देवी और मनजीत सिंह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायलों को भैसियाछाना स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही धौलछीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी राजू उर्फ राजेंद्र सिंह नेगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस ने सुरेश सिंह चम्याल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
ग्रामीण क्षेत्र में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।








