उत्तराखण्डकुमाऊं,

रॉयल्टी जांच कंपनी में श्रमिकों का बगावती तेवर, उपश्रमायुक्त के सामने हुआ समझौता

लालकुआं न्यूज़- खनन सामग्री की रॉयल्टी जांच करने वाली कैलाश रिवर कंपनी में सोमवार को श्रमिकों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया।

 

कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर उत्पीड़न, अत्यधिक कार्यभार और साप्ताहिक अवकाश नहीं देने के आरोप लगाते हुए काम ठप कर दिया। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस की मौजूदगी में भी समझौता नहीं हो सका और आखिरकार उपश्रमायुक्त कार्यालय में हुई वार्ता के बाद प्रबंधन को श्रम कानूनों का पालन करने का आश्वासन देना पड़ा।

 

बेरीपड़ाव स्थित कैंप कार्यालय में सुबह कर्मचारियों और कंपनी के फील्ड ऑफिसर के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तीखी नोकझोंक और मारपीट तक पहुंच गया। कर्मचारियों का आरोप था कि उनसे लगातार निर्धारित मानकों से अधिक काम लिया जा रहा है और छुट्टियां भी नहीं दी जा रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रबंधन उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा था।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में मौसम का येलो अलर्ट जारी, 11 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी

 

विवाद की सूचना मिलने पर हल्दूचौड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका साफ कहना था कि जब तक श्रम कानूनों के अनुरूप कामकाज और सुविधाओं की गारंटी नहीं मिलेगी, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- राशन उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर, अब जल्द ही राशन के साथ सरसों का तेल भी मिलेगा

 

इसके बाद सभी कर्मचारी उपश्रमायुक्त कार्यालय हल्द्वानी पहुंचे और उपश्रमायुक्त कमल नयन जोशी से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपश्रमायुक्त ने कंपनी प्रबंधन को तत्काल तलब किया और दोनों पक्षों की बात सुनी।

 

वार्ता के दौरान उपश्रमायुक्त ने प्रबंधन को स्पष्ट शब्दों में श्रम कानूनों का पालन करने की नसीहत देते हुए कर्मचारियों से नियमों के तहत काम लेने और सप्ताह में एक दिन अनिवार्य अवकाश देने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि श्रमिकों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ हाईवे पर शराब के ठेके के पास मिला अधजला शव, जांच में जुटी पुलिस

 

उपश्रमायुक्त की सख्ती के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और श्रमिकों ने काम पर लौटने का फैसला किया। इस तरह दिनभर चला विवाद आखिरकार प्रशासन के हस्तक्षेप से समाप्त हो गया।

 

 

उपश्रमायुक्त कमल नयन जोशी ने बताया कि दोनों पक्षों को श्रम कानूनों की जानकारी देते हुए आपसी सहमति से विवाद का निस्तारण कराया गया है। वहीं चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी ने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और भविष्य में किसी भी प्रकार से शांति व्यवस्था भंग होने पर पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।