लालकुआँ- अवैध लकड़ी पर वन विभाग का शिकंजा, बिना पास शीशम-सिरस से लदा वाहन पकड़ा

लालकुआं। किच्छा-लालकुआं नेशनल हाईवे पर वन विभाग ने अवैध वन संपदा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शीशम और सिरस की चिरान से लदा एक कैंटर पकड़ लिया। वन विभाग की टीम को देखकर चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। वाहन से लकड़ी के संबंध में कोई वैध प्रपत्र नहीं मिला, जिसके बाद विभाग ने कैंटर को सीज कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी दीपक कुमार, उप प्रभागीय वनाधिकारी गौला अनिल जोशी और वन क्षेत्राधिकारी डौली प्रदीप कुमार पंत के निर्देश पर वन अपराधों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार सुबह करीब छह बजे वन विभाग की टीम शांतिपुरी वन बैरियर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान किच्छा की ओर से आ रहे कैंटर संख्या UP15FT5016 को वन विभाग की टीम ने रुकने का इशारा किया। टीम को देखते ही चालक ने वाहन रोककर उसे सड़क किनारे छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
वन विभाग की टीम ने कैंटर की तलाशी ली तो उसमें शीशम और सिरस की चिरान लदी हुई मिली। लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध वन प्रपत्र वाहन में मौजूद नहीं था। इसके बाद वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम, 1927 यथा संशोधित 2006 की धारा 41, 42, 52 एवं 26 के तहत कार्रवाई करते हुए कैंटर को सीज कर दिया।
विभागीय टीम ने कैंटर को विभागीय संसाधनों की सहायता से डौली रेंज लालकुआं में सुरक्षित खड़ा करा दिया है। वहीं, फरार चालक की पहचान और वाहन में लदी लकड़ी के स्रोत की जांच की जा रही है।
प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार ने कहा कि अवैध वन संपदा के दोहन और अवैध खनन के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वन कानूनों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में वन दरोगा पान सिंह मेहता, वन वीट अधिकारी जीवन आर्य और हरेंद्र, वन आरक्षी भुवन चंद्र मैलानी, शाहिद बेग और रोशन बहादुर तथा श्रमिक कमल भाकुनी शामिल रहे।








