उत्तराखण्डकुमाऊं,

हल्दूचौड़- खेलों से जुड़े युवाओं को मिला प्रोत्साहन, राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों ने साझा किए अनुभव

हल्दूचौड़ न्यूज़- लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्दूचौड़ में गुरुवार को माय-भारत राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के तहत ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से किया गया। देशभर के सभी जनपदों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से आयोजित हुआ।

 

 

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल जगत की प्रमुख हस्तियों, केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों से जोड़ना था। संवाद के माध्यम से युवाओं को पिछले एक दशक में भारतीय खेल जगत में आए बदलावों और देश के विकसित होते खेल इकोसिस्टम के बारे में जानकारी देने के साथ खेलों के प्रति जागरूक किया गया।

 

 

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी, फिटनेस, अनुशासन, परिश्रम और खेल भावना को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर- यहाँ अनियंत्रित स्कूटी रपटी, डिवाइडर पर लगा साइन बोर्ड युवक के सीने में घुसा, हुई मौत

 

 

महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

 

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर सीमा श्रीवास्तव ने की। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं को खेलों से जुड़ने तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और स्वस्थ एवं अनुशासित युवा राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

 

 

इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवी रतिका चौरसिया तथा स्वयंसेवक अंकित पांडे और नीरज चौबे ने एनएसएस और खेलों के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने खेलों को व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए अपने अनुभव साझा किए।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहां बीए की छात्रा से उसके दोस्त और दोस्त के साथियों ने किया दुष्कर्म, बनाया वीडियो, एक महिला भी शामिल

 

 

राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी विद्यार्थियों से संवाद करने का अवसर मिला। खो-खो की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी खुशी आर्य ने अपने खेल अनुभव साझा करते हुए कहा कि खेलों में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और धैर्य जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में करियर बनाने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।

 

 

इसके बाद क्षेत्र के शूटिंग खिलाड़ी सावन मेहता ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने शूटिंग में प्रशिक्षण और अपने अनुभवों की जानकारी देते हुए युवाओं को लक्ष्य के प्रति एकाग्रता, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास बनाए रखने का संदेश दिया।

 

 

खिलाड़ियों और स्वयंसेवी का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा डिजिटल यूथ फेस्टिवल 2026 में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली एनएसएस स्वयंसेवी रतिका चौरसिया को विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों और स्वयंसेवियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड (शर्मसार) यहां रहते हुए शर्मसार, सौतेले पिता ने पुत्री को ही बना डाला हवस का शिकार, आरोपी पिता को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

 

 

इसके बाद कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशा उन्मूलन की शपथ ली और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

 

 

कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर कमला पंत ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों को क्रमबद्ध रूप से संचालित किया। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अजीत कुमार सैनी ने अतिथियों, प्राचार्य, प्राध्यापकों, खिलाड़ियों, स्वयंसेवियों, विद्यार्थियों और मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त किया।

 

 

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।