गढ़-कुमाऊं महोत्सव में लोक संस्कृति के रंगों ने बांधा समां, देर रात तक झूमे दर्शक

लालकुआं न्यूज- बिंदुखत्ता के तिवारीनगर में झांझर सांस्कृतिक कला समिति की ओर से आयोजित गढ़-कुमाऊं महोत्सव में लोक संस्कृति और परंपराओं की शानदार छटा देखने को मिली।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ प्रथम पाली में उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन के कुमाऊं मंडल चीफ शेखर त्रिपाठी, कांग्रेस नेता हरेंद्र बोरा, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भगवती पुरोहित, ललित जोशी और सत्यवीर त्यागी ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान टीम घुघुति जागर के राजेंद्र ढैला, राजेंद्र प्रसाद, क्षेत्रीय महिलाओं, फाउंडेशन स्कूल के बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। उत्तराखंड के चिपको आंदोलन पर आधारित नाटक ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। वहीं, शाम की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ चांदनी इंटरप्राइजेज के प्रबंधक नरेंद्र टोलिया और पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमलेश चंदोला ने किया।
प्रसिद्ध लोकगायिका कमला देवी ने राजुला-मालूशाही की शानदार प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। इसके अलावा लोकगायक बलबीर राणा, चंद्र प्रकाश और जन जागृति कला समिति के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। आयोजक गढ़-कुमाऊं टीम ने महोत्सव की सफलता में सहयोग देने वाले अतिथियों, कलाकारों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया।










