उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड में बारिश के बीच मनेगा 80वां स्वतंत्रता दिवस, देहरादून में CM धामी करेंगे ध्वजारोहण

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में शनिवार, 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रदेश का मुख्य समारोह देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। समारोह में पुलिस, आईटीबीपी, होमगार्ड्स और एनसीसी कैडेट्स की ओर से परेड और मार्च पास्ट किया जाएगा।

 

 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में सरकारी भवनों, स्कूल-कॉलेजों और जिला मुख्यालयों पर तिरंगा फहराया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोहों के बीच मौसम चुनौती बन सकता है।

 

 

कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 15 अगस्त को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया गया है।

 

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ भाई की शादी से पहले बुझ गया घर का चिराग, सड़क हादसे में मेजर शुभम सैनी की मौत

 

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। ऐसे में खुले स्थानों पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में मौसम को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं करनी होंगी। पर्वतीय जिलों में बारिश के कारण सड़क और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहना होगा।

 

पूर्व संध्या पर CM धामी ने दी शुभकामनाएं

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उत्तराखंड को आदर्श, विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के संकल्प को दोहराते हुए सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का उल्लेख किया।

 

 

मुख्यमंत्री ने करीब 2 लाख करोड़ रुपये की विकास योजनाओं, 34 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियों, महिला सशक्तीकरण और पर्यटन क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का जिक्र किया।

 

 

सीमांत क्षेत्रों के विकास पर जोर

सीएम धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के गांवों के विकास के लिए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना और वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से काम किया जा रहा है। उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश के बाजार उपलब्ध कराने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर जिला चिकित्सालय में बच्चे की मौत पर सरकार का कड़ा एक्शन, कई अधिकारी-कर्मचारी दंडित

 

 

उन्होंने बताया कि सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के साथ सगंध कृषि को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

 

 

नकल माफिया पर कार्रवाई, 34 हजार से अधिक नियुक्तियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल विरोधी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार के अनुसार पिछले पांच वर्षों में राज्य में सरकारी सेवाओं में करीब 34 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं।

 

 

 

शिक्षा और पूर्ण साक्षरता का भी किया जिक्र

सीएम धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के गहन अध्ययन के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज की स्थापना की गई है। नई शिक्षा नीति को लागू करने में भी उत्तराखंड अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किए जाने को राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

यह भी पढ़ें 👉  जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले में उत्तराखंड के पांच जवानों का बलिदान, खबर से शोक में डूबी देवभूमि

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक मदद और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि प्रदेश के विकास में महिलाओं की भागीदारी और मजबूत हो सके।

अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश का कोई भी क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है। जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और अंत्योदय के मूलमंत्र के साथ उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का प्रयास जारी है।

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से भी राज्य के विकास और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प में सहयोगी बनने की अपील की।