उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, पांच जिलों में यलो अलर्ट; नैनी झील का जलस्तर 10 फीट से अधिक बढ़ा

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में पिछले पांच दिनों से बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी देहरादून, टिहरी, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के देहरादून केंद्र के अनुसार, लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
नैनी झील का जलस्तर 10 फीट से अधिक बढ़ा
नैनीताल में लगातार हो रही मानसूनी बारिश का असर नैनी झील के जलस्तर पर भी दिखाई दे रहा है। बारिश के बीच झील का जलस्तर 10 फीट से अधिक बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने के बाद झील किनारे स्थित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
मालदेवता में 95 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। देहरादून के मालदेवता में 95 मिमी, चंद्रबदनी में 89.5 मिमी और सहस्रधारा में 70.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
22 अगस्त: प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।
23 अगस्त: टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत रहेगी।
24 अगस्त: राज्य में मानसूनी गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। इस दौरान कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने बारिश के दौरान लोगों से सतर्क रहने और मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित स्थानों और नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।








