नैनीताल में SIR के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, अब 6,97,547 मतदाता दर्ज

हल्द्वानी न्यूज़- नैनीताल जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के बाद मंगलवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के साथ ही नैनीताल में कुल 6,97,547 पंजीकृत मतदाता दर्ज हुए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिले के सभी पोलिंग बूथों पर मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के पास मतदाता सूची की प्रति उपलब्ध है, ताकि मतदाता अपने नाम और अन्य विवरण की जांच कर सकें।
उन्होंने बताया कि नियमानुसार मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभावार मतदाता सूची की एक-एक हार्ड कॉपी भी वितरित कर दी गई है।
छूटा है नाम तो ऐसे कराएं दर्ज
अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी यदि कोई पात्र व्यक्ति 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुका है और उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह अपना नाम जुड़वा सकता है। इसके लिए संबंधित BLO से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा चुनाव आयोग के ऐप या पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जा सकता है।
मतदाता सूची की हार्ड कॉपी वितरण के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे, भाजपा से मनीष पाल और हरिमोहन अरोड़ा, कांग्रेस से संजू उप्रेती, बीएसपी से जगदीश कुमार, आईएनसी से मनोज शर्मा और शिवसेना से रूपेन्द्र नागर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।










