देहरादून: भाजपा नेता व शिक्षक विनोद कश्यप की हत्या के बाद बवाल, आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर, गांव में भारी तनाव

विकासनगर (देहरादून)- सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सहसंयोजक एवं निजी स्कूल के शिक्षक विनोद कश्यप (44) की निर्मम हत्या के बाद रविवार को इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। घटना से आक्रोशित लोगों और हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मुख्य आरोपी मासूम के घर पर पथराव करते हुए तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम पुरानी रंजिश के चलते आठ से दस लोगों ने कथित तौर पर बेलचा और हथौड़ा लेकर विनोद कश्यप के घर में घुसकर हमला कर दिया। हमले में विनोद कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार की एक महिला समेत तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए हरबर्टपुर स्थित लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रविवार सुबह से ही बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में गांव में एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के घरों पर कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इसी दौरान कुछ लोगों ने आरोपी के घर पर पथराव कर तोड़फोड़ भी की।

हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कई थानों की पुलिस फोर्स को भी गांव में तैनात किया गया। प्रशासन बुलडोजर के साथ आरोपियों के घरों तक पहुंचा और मकानों को चिन्हित करने के बाद कार्रवाई शुरू की गई। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मासूम और विनोद कश्यप के परिवार के बीच सिंचाई की गूल से पानी लेने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया और खूनी संघर्ष में बदल गया।
फिलहाल बैरागीवाला गांव में तनाव बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।







