नैनीताल में कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट पर डीएम का बड़ा फैसला
9 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

नैनीताल न्यूज- भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 8 जुलाई 2026 की सुबह 9:30 बजे जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 9 जुलाई (गुरुवार) को नैनीताल जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए 9 जुलाई (गुरुवार) को जनपद नैनीताल के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख बिंदु:
- 9 जुलाई (गुरुवार) को नैनीताल जिले में सभी स्कूल बंद।
- कक्षा 1 से 12 तक के सरकारी, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश।
- सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद।
- मौसम विभाग का भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
- जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए जारी किए आदेश।









