अग्निवीर भर्ती में बड़ा बदलाव: आयु सीमा बढ़ी, दो पदों पर एक साथ आवेदन का मौका

अल्मोड़ा न्यूज़– सेना में भर्ती का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर है। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल निर्धारित की गई है। इस बार देशभर में 176 परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया में इस वर्ष कई अहम परिवर्तन किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव आयु सीमा में हुआ है, जिसे बढ़ाकर 17½ से 22 वर्ष कर दिया गया है। पहले अधिकतम आयु 21 वर्ष थी। अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान पांच परीक्षा केंद्रों का चयन करना होगा। आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है और भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा के अंतर्गत आने वाले अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के अभ्यर्थी इस भर्ती में शामिल हो सकते हैं। खास बात यह है कि इस वर्ष अभ्यर्थी एक साथ दो अलग-अलग पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
शैक्षिक योग्यता के तहत जनरल ड्यूटी के लिए 10वीं, टेक्निकल और क्लर्क/स्टोर कीपर के लिए 12वीं (विज्ञान वर्ग), जबकि ट्रेड्समैन के लिए 8वीं या 10वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। महिला सैन्य पुलिस और नर्सिंग सहायक पद के लिए भी 10वीं पास योग्यता निर्धारित की गई है।
खेल उपलब्धि, एनसीसी और आईटीआई प्रमाणपत्र धारकों को बोनस अंक दिए जाएंगे। एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट रखने वाले अभ्यर्थियों को अधिकतम 20 अंक तक की छूट मिलेगी। भर्ती निदेशक कर्नल मेहश कुमार ने युवाओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक माध्यम से ही आवेदन करें और किसी भी प्रकार के प्रलोभन से बचें।








