देहरादून- जनता दर्शन में बुजुर्ग महिला को बड़ी राहत, 35 हजार का पानी का बिल घटाकर प्रशासन ने खुद कराया भुगतान

देहरादून न्यूज़– जिला प्रशासन का जनता दर्शन कार्यक्रम आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का मजबूत मंच बनता जा रहा है। प्रत्येक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले जनता दर्शन में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं, जिनका मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।
इसी क्रम में सहस्त्रधारा क्षेत्र की निवासी बुजुर्ग महिला हरदीप कौर ने जनता दर्शन में पहुंचकर अपनी पीड़ा जिलाधिकारी के समक्ष रखी। महिला ने बताया कि उनका पेयजल बिल 35 हजार रुपये आ गया है, जिसे वह आर्थिक तंगी के चलते भरने में असमर्थ हैं। उन्होंने बताया कि वह घर में अकेली रहती हैं, आय का कोई स्थायी साधन नहीं है और स्वास्थ्य भी अक्सर खराब रहता है।
बुजुर्ग महिला ने यह भी जानकारी दी कि कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने जल कनेक्शन कटवाने के लिए आवेदन किया था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग उनके घर आए और स्वयं को कर्मचारी बताकर 5 हजार रुपये लेकर चले गए, लेकिन कनेक्शन नहीं काटा गया। बाद में संबंधित कार्यालय में जानकारी लेने पर पता चला कि ऐसे किसी कर्मचारी की वहां तैनाती ही नहीं थी, जिससे स्पष्ट हुआ कि वह ठगी का शिकार हुई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल उत्तराखंड जल संस्थान से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जल संस्थान द्वारा 27 माह के लंबित 35 हजार रुपये के बिल की समीक्षा कर उसे संशोधित करते हुए 14 हजार 372 रुपये में सेटल किया गया।
बुजुर्ग महिला की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए यह राशि जिला प्रशासन के राइफल फंड से भुगतान करने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा 14,372 रुपये का भुगतान चेक के माध्यम से जल संस्थान को उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे महिला को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए और ऐसे प्रकरणों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए। जिला प्रशासन जरूरतमंद और असहाय नागरिकों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और जनता दर्शन कार्यक्रम जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है।








