उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड में मौसम का बड़ा पलटवार: 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, देहरादून-टिहरी समेत कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश

उत्तराखंड में मौसम ने गुरुवार सुबह अचानक करवट ले ली। राजधानी देहरादून में सुबह से ही घने बादलों के कारण अंधेरा छाया रहा और तेज बारिश के साथ हवाएं चलने लगीं। सुबह करीब साढ़े सात बजे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं अल्मोड़ा में भी काले घने बादलों के बीच तेज बारिश दर्ज की गई।

 

 

टिहरी जिले में भी मौसम ने अचानक रुख बदला और जनपद के अधिकांश इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए 8 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

 

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण तैयार कर रहा “मास्टर पैकेज” — गोल्डन कार्ड धारकों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, अस्पतालों से होगी वार्ता

 

 

5 जिलों में यलो अलर्ट

राज्य के शेष पांच जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ बिजली चमकने, बारिश के तीव्र दौर आने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

 

 

बुधवार को भी कई जिलों में हुई बारिश

बुधवार को नैनीताल, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में बदला मौसम, पहाड़ी इलाकों में बारिश का अलर्ट, मैदान में बढ़ेगा तापमान

 

 

देहरादून में ओलावृष्टि की चेतावनी

राजधानी देहरादून में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो कुछ स्थानों पर बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

 

 

अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान

12 जून: राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- (दर्दनाक हादसा) यहाँ आर्मी का ट्रक पलटा, जवान की दबने से हुई मौत

13 जून: पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

14 जून: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर सहित मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

 

 

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।