कर्णप्रयाग में हेमकुंड यात्रियों और व्यापारियों के बीच खूनी झड़प, चार गिरफ्तार; 5 घंटे तक बाधित रही बद्रीनाथ यात्रा

कर्णप्रयाग/चमोली- चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार सुबह हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पार्किंग और वाहन टकराने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक होटल कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हेलिकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बाइक और कार की टक्कर बनी विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे 5-6 बाइक सवारों के जत्थे की एक बाइक कर्णप्रयाग बाजार में खड़ी कार से टकरा गई। इसके बाद बाइक सवारों और कार स्वामी के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग मौके पर जुट गए और विवाद मारपीट में बदल गया। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
धारदार हथियारों के इस्तेमाल का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ सिख श्रद्धालु तलवार और अन्य धारदार हथियार लेकर लोगों से भिड़ गए। झड़प में चार लोग घायल हुए। सभी घायलों को कर्णप्रयाग अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक होटल कारोबारी को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। अन्य तीन घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
विरोध में जाम, 5 घंटे तक प्रभावित रही बद्रीनाथ यात्रा
घटना से नाराज व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। इसके चलते बद्रीनाथ धाम जाने और लौटने वाले सैकड़ों वाहन रास्ते में फंस गए। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित कई यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। जाम के कारण करीब पांच घंटे तक बद्रीनाथ यात्रा प्रभावित रही।
गौचर, नंदप्रयाग और कर्णप्रयाग में रोके गए वाहन
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बद्रीनाथ धाम की ओर जाने वाले वाहनों को गौचर, नंदप्रयाग और कर्णप्रयाग के आसपास सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया। बाद में स्थिति सामान्य होने पर यातायात को धीरे-धीरे बहाल किया गया।
भारी पुलिस बल तैनात, हालात पर नजर
घटना के बाद कर्णप्रयाग और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पीएसी के जवानों के साथ स्थानीय थानों की पुलिस को भी मौके पर लगाया गया। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र में डटे रहे और दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया।
चार आरोपी गिरफ्तार, होगी सख्त कार्रवाई
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि हेमकुंड साहिब से लौट रहे कुछ श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें हथियारों के इस्तेमाल से चार लोग घायल हुए। एक गंभीर घायल को हेलिकॉप्टर से देहरादून भेजा गया है, जबकि अन्य की हालत सामान्य है।
वहीं, चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पवार ने बताया कि कुछ निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों के बीच पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था, जो बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो एकत्र किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन की समझाइश और पुलिस की मुस्तैदी के बाद स्थिति नियंत्रण में है तथा बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु कर दिया गया है।








