उत्तराखंड चुनाव में उक्रांद ने खोले पत्ते, 16 सीटों पर उम्मीदवार घोषित; जानिए किसे कहां से मिला टिकट

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी तेज करते हुए बड़ा ऐलान किया है। पार्टी ने शनिवार को 16 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में पूर्व विधायकों से लेकर नए चेहरों तक को मौका दिया गया है।
देहरादून प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने केंद्रीय संसदीय बोर्ड की संस्तुति के आधार पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। इस दौरान केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चंद्रशेखर कापड़ी, केंद्रीय संगठन मंत्री एवं केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी प्रकाश भट्ट भी मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने चुनावी रणनीति और संगठन की तैयारियों की जानकारी भी साझा की।
इन 16 सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी
उक्रांद की ओर से जारी पहली सूची के अनुसार, पिथौरागढ़ विधानसभा सीट से पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी और द्वाराहाट से पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी को चुनाव मैदान में उतारा गया है। वहीं देवप्रयाग से पूरण सिंह कठैत, प्रतापनगर से पंकज व्यास, कर्णप्रयाग से आशीष नेगी और जागेश्वर से दिनेश कुंजवाल को प्रत्याशी बनाया गया है।
इसके अलावा राजपुर (अनुसूचित जाति) सीट से देव चंद्र उत्तराखंडी, सल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी से डी.डी. पंत, कपकोट से वरुण चंदोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता (अनुसूचित जनजाति) से कैलाश सिंह पांगती और रामनगर से भुवन चंद्र को टिकट दिया गया है।
वहीं देहरादून कैंट से सेवानिवृत्त कमांडेंट राजेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से रितु कंडियाल जुयाल और घनसाली से चंदन सिंह राणा को पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
पांच स्तर पर चयन प्रक्रिया, जल्द आएगी दूसरी सूची
पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, प्रत्याशियों के चयन के लिए फाइव-लेयर सिस्टम अपनाया गया है। इसमें पार्टी के प्रति निष्ठा, समर्पण, जनसरोकारों और उत्तराखंड के हितों के लिए किए गए संघर्ष को प्रमुख आधार बनाया गया है।
उक्रांद ने स्पष्ट किया कि अभी कई विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का चयन बाकी है। इन सीटों के लिए प्रक्रिया जारी है और केंद्रीय संसदीय बोर्ड की संस्तुति के बाद जल्द ही दूसरी सूची भी जारी की जाएगी।
पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य
उक्रांद नेताओं ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। संगठन को मजबूत करने और प्रदेशभर में चुनावी तैयारियों को गति देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पार्टी ने आगामी चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल कर उत्तराखंड में अपनी सरकार बनाने का लक्ष्य रखा है।










