ब्रेकिंग: पिथौरागढ़ में बड़ा हादसा, बोलेरो पर चट्टान गिरने से ड्राइवर समेत दो की मौत, तीन घायल

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसे में पर्यटकों से भरी बोलेरो वाहन पर अचानक चट्टान गिरने से चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए धारचूला लाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, हादसा धारचूला से करीब 42 किलोमीटर दूर पंपाबे क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि पर्यटक पंचाचूली बेस कैंप की यात्रा पूरी कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भारी चट्टान वाहन के ऊपर आ गिरी।
चट्टान गिरने से बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि चालक और एक अन्य यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में पीछे बैठे तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धारचूला लाया जा रहा है।
फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने के खतरे को उजागर करता है। मानसून सीजन के दौरान ऐसे संवेदनशील मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।








