( ब्रकिंग न्यूज़) आम जनता को झटका: घरेलू गैस LPG सिलेंडर के दाम फिर बढ़े, आज से नई कीमतें लागू

आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।
यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू एलपीजी सिलिंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को प्रति सिलिंडर 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। लगातार बढ़ रही कीमतों से आम परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका है।
पश्चिम एशिया संकट का असर
उद्योग सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसका असर अंतरराष्ट्रीय ईंधन बाजार पर भी पड़ा है, जहां कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बढ़ती लागत का सीधा असर एलपीजी की खरीद और आपूर्ति पर पड़ रहा है।
तेल कंपनियों को हो रहा था भारी नुकसान
जानकारी के मुताबिक, मार्च में 60 रुपये की बढ़ोतरी के बावजूद सरकारी तेल विपणन कंपनियों को घरेलू एलपीजी सिलिंडर की बिक्री पर नुकसान उठाना पड़ रहा था। सूत्रों का कहना है कि ताजा मूल्य संशोधन से पहले कंपनियों को प्रत्येक घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर करीब 703 रुपये का घाटा हो रहा था। इसी वजह से बढ़ती लागत की भरपाई के लिए कीमतों में इजाफा किया गया है।
उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा बोझ
लगातार दूसरी बार बढ़े एलपीजी के दामों से देशभर के करोड़ों उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा। रसोई गैस घरेलू जरूरतों की प्रमुख वस्तु होने के कारण इसका असर सीधे परिवारों के मासिक खर्च पर पड़ने की संभावना है।
मुख्य बातें:
- घरेलू LPG सिलिंडर 29 रुपये महंगा
- नई कीमतें 7 जून से लागू
- दिल्ली में 14.2 किलोग्राम सिलिंडर 942 रुपये का हुआ
- 7 मार्च को भी 60 रुपये बढ़े थे दाम
- वैश्विक ऊर्जा संकट और बढ़ती लागत को बताया गया वजह
- तेल कंपनियों को प्रति सिलिंडर लगभग 703 रुपये का नुकसान होने का दावा।








