उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, 7 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट; ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को राज्य के सात जिलों में बारिश और आंधी-तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना जताई गई है।
राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है। मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहा। रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी, देहरादून और नैनीताल में तेज बारिश दर्ज की गई। देहरादून में तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। वहीं, काशीपुर 39 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।
अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान
4 जून: पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
5 जून: पर्वतीय जनपदों के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन की संभावना जताई गई है।
6 जून: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जबकि राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन के आसार बने रहेंगे।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों, चारधाम यात्रियों और स्थानीय निवासियों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने तथा खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।








