सीएम धामी ने दिया खास संदेश, प्रदेशवासियों से की ये बड़ी अपील

देहरादून न्यूज़- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। तिरंगा देश की एकता, सम्मान और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग हमेशा देश की सेवा में आगे रहे हैं, इसलिए सभी प्रदेशवासियों को इस अभियान में उत्साह के साथ भाग लेना चाहिए।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
भारत विभाजन के दौरान प्रभावित हुए लोगों के संघर्ष और बलिदान को याद करने के लिए 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर राज्य और जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
देहरादून में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भारत विभाजन से जुड़ी विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही मतुआ समुदाय के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर तैयार लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
स्कूल-कॉलेजों में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत प्रदेश के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें भाषण, वाद-विवाद, क्विज, व्याख्यान और परिचर्चा जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को देश के इतिहास, भारत विभाजन की परिस्थितियों और उस दौरान लोगों के संघर्ष एवं बलिदान के बारे में जानकारी दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने के साथ देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करना है।








