नैनीताल में किसान ने पत्नी को पानी भरने भेजा, फिर खुद को गोली मार ली

नैनीताल न्यूज़- जिले के ओखलकांडा ब्लॉक के नाथुवाखान (गड़गांव) क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। 60 वर्षीय किसान मोहन सिंह ने कथित तौर पर अवैध तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार अवैध था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
4 प्रमुख बातें
1. पत्नी को पानी भरने भेजकर उठाया कदम
परिजनों के अनुसार मोहन सिंह पिछले काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अपनी पत्नी को पानी भरने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। पत्नी के बाहर जाते ही उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
2. कमरे में खुद को मारी गोली
कमरे में अकेले होने के बाद मोहन सिंह ने कथित तौर पर अवैध तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की तेज आवाज पूरे इलाके में सुनाई दी।
3. ग्रामीणों ने दरवाजा खोला तो लहूलुहान मिले
गोली की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दरवाजा खोलने पर मोहन सिंह कमरे के अंदर खून से लथपथ पड़े मिले। उन्हें तत्काल हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
4. पुलिस कर रही दो अहम बिंदुओं पर जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोहन सिंह के पास अवैध तमंचा कहां से आया और वह किन परिस्थितियों में मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं।








