उत्तराखण्डकुमाऊं,

SIR में मतदाता सूची पर आपत्तियों से कांग्रेस नाराज, झूठी शिकायतों पर कार्रवाई की मांग

लालकुआं न्यूज़- लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बड़ी संख्या में दर्ज की जा रही आपत्तियों को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक उद्देश्य से वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। बुधवार को नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की।

 

 

एक ही व्यक्ति की ओर से कई आपत्तियां दर्ज कराने का आरोप

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में SIR के तहत मतदाता सूची का पुनरीक्षण और सत्यापन किया जा रहा है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।

 

 

कांग्रेस का आरोप है कि इसी प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में ऐसी आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं, जिनके पीछे पर्याप्त तथ्य या आधार नहीं हैं। नेताओं ने दावा किया कि कई मामलों में एक ही व्यक्ति द्वारा बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम के खिलाफ आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी-(बड़ी खबर) यहाँ बंद घरों में चोरी की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, नाबालिक सहित पांच शातिर चोर गिरफ्तार, ज्वेलर्स भी पकड़ा गया

 

 

कांग्रेस ने इन आपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि केवल शिकायत या आपत्ति दर्ज होने के आधार पर किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए। प्रत्येक मामले में जमीनी सत्यापन और संबंधित मतदाता का पक्ष सुना जाना चाहिए।

 

 

झूठी आपत्तियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग

नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे ने कहा कि बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज कराने वाले लोगों को चिन्हित किया जाना चाहिए और यह जांच होनी चाहिए कि उनके द्वारा दी गई जानकारी तथ्यात्मक है या नहीं।

 

 

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- छात्र-छात्राएं ध्यान दें, ऑनलाइन पंजीकरण के बिना नहीं दे पाएंगे 10वीं-12वीं की परीक्षा

उन्होंने मांग की कि यदि जांच में कोई व्यक्ति जानबूझकर झूठी घोषणा या तथ्यहीन जानकारी देने का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ Representation of the People Act, 1950 की धारा 31 और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए।

 

 

‘वैध मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए’

ज्ञापन में कांग्रेस ने प्रशासन से स्पष्ट सार्वजनिक सूचना जारी करने की भी मांग की। इसमें लोगों को बताया जाए कि मतदाता सूची में आपत्ति दर्ज कराना अधिकार है, लेकिन जानबूझकर गलत या झूठी जानकारी देने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

 

 

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ऐसी व्यवस्था से एक ओर निर्वाचन अधिकारियों को आपत्तियों के सत्यापन और निस्तारण में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर मतदाताओं में भी विश्वास कायम रहेगा।

 

 

नेताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी

ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने आरोप लगाया कि वैध मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित करने वाला कदम होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी वैध मतदाता का नाम बिना उचित सत्यापन के नहीं हटाया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना जमीनी सत्यापन के नाम हटाए गए तो कांग्रेस इसके खिलाफ आंदोलन करेगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: यहाँ मिली महिला और बच्चे की लाश, महिला का सिर पत्थरों से कुचला, पुलिस जांच में जुटी

 

 

वरिष्ठ नेता मोहन कुड़ाई ने भी निर्वाचन विभाग से SIR प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम राजनीतिक दबाव या पक्षपात के आधार पर नहीं हटाया जाना चाहिए।

 

 

ये लोग रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भुवन पांडे, पीसीसी सदस्य डॉ. केदार पलड़िया, कुंदन मेहता, विशाल झा, हेमंत पांडे, दीपक बत्रा, नरेश चौधरी, हेमवती नंदन दुर्गापाल, साजिद सिद्दीकी, प्रदीप बठ्याल, बसंत जोशी, पूजा रावत, मनोज सिंह, भुवन सिंह मेहता सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।