रुद्रपुर में बिरयानी ऑर्डर को लेकर विवाद, हिंदू नाम से ऑर्डर पर मुस्लिम दुकान से डिलीवरी का आरोप

रुद्रपुर न्यूज़- शहर में एक ऑनलाइन फूड ऑर्डर को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद हिंदूवादी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामला उस समय बढ़ गया जब एक युवक ने कथित तौर पर हिंदू नाम से सूचीबद्ध दुकान से चिकन बिरयानी का ऑर्डर दिया, लेकिन डिलीवरी किसी अन्य मुस्लिम व्यापारी की दुकान से होने का आरोप लगाया गया।
जानकारी के अनुसार भदईपुरा निवासी एक युवक ने ऑनलाइन फूड एप के माध्यम से “सौरभ बिरयानी” नाम की दुकान से ऑर्डर किया था। युवक का आरोप है कि ऑर्डर की गई बिरयानी त्रिशूल चौक के पास स्थित एक अन्य दुकान से तैयार होकर आई, जिसे वह मुस्लिम व्यापारी की दुकान बता रहा है।
युवक ने ऑर्डर को निरस्त करने का प्रयास किया, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। इसके बाद जब डिलीवरी कर्मी ऑर्डर लेकर पहुंचा तो युवक ने बिरयानी लेने से इनकार कर दिया। मामला यहीं नहीं रुका, युवक अपने कुछ साथियों के साथ संबंधित दुकान पर पहुंच गया, जहां कहासुनी शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुछ हिंदूवादी संगठनों के सदस्य, जिनमें गोरक्षा दल के लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं, मौके पर एकत्र हो गए। स्थिति तनावपूर्ण होने लगी, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में लिया और संबंधित मुस्लिम दुकानदार को कोतवाली ले जाकर पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक मनोज रतुड़ी ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।








