देहरादून- UKSSSC ने जारी किया 26 भर्ती परीक्षाओं का प्रस्तावित कार्यक्रम, सितंबर 2026 से फरवरी 2027 तक होंगी परीक्षाएं

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में समूह-ग के सीधी भर्ती वाले करीब 3600 पदों पर चयन के लिए सितंबर 2026 से फरवरी 2027 तक प्रस्तावित 26 भर्ती परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग ने पदवार परीक्षा तिथियां घोषित की हैं। कुछ पदों के लिए लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा भी प्रस्तावित है।
आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने स्पष्ट किया कि यह परीक्षा कार्यक्रम फिलहाल प्रस्तावित है और इसे अंतिम परीक्षा कार्यक्रम नहीं माना जाए। यदि किसी अन्य बड़ी प्रतियोगी परीक्षा के साथ आयोग की परीक्षा तिथियों का टकराव होता है तो कुछ परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया जा सकता है।
सितंबर में दो भर्ती परीक्षाएं
सितंबर 2026 में पशुधन प्रसार अधिकारी और सर्वेक्षक पदों के लिए परीक्षा 20 सितंबर को प्रस्तावित है। वहीं सहायक बोरिंग तकनीशियन और कंप्यूटर प्रोग्रामर पदों की परीक्षा 27 सितंबर को होगी।
अक्टूबर में चार चरणों में परीक्षाएं
अक्टूबर में विभिन्न पदों के लिए चार परीक्षा तिथियां प्रस्तावित की गई हैं। 4 अक्टूबर को कनिष्ठ कैमरामैन, फोटोकापी मशीन ऑपरेटर, प्रोजेक्शनिस्ट, सहायक लेखाकार, शोध अधिकारी और फोटोग्राफर पदों की परीक्षा होगी।
11 अक्टूबर को कलाकार-मानचित्रकार, कृषि (इंटर-स्नातक) और विधि सहायक पदों की परीक्षा प्रस्तावित है। 18 अक्टूबर को साहसिक खेल अधिकारी, कैमरामैन और प्रविधिक सहायक (इतिहास) पदों की परीक्षा होगी।
इसके अलावा 25 अक्टूबर को लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक, प्रशिक्षक अनुदेशक और कनिष्ठ सहायक समेत संबंधित पदों की परीक्षा प्रस्तावित की गई है।
नवंबर में पर्यटन अधिकारी और कनिष्ठ सहायक की परीक्षा
नवंबर में 1 नवंबर को पर्यटन अधिकारी और वैयक्तिक सहायक पदों की परीक्षा प्रस्तावित है। वहीं 15 नवंबर को कनिष्ठ सहायक पद की परीक्षा होगी। स्केलर पद के लिए 19 नवंबर से शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू किए जाने का प्रस्ताव है।
दिसंबर में सहायक अध्यापक एलटी और आईटीआई-डिप्लोमा पदों की परीक्षा
दिसंबर में 6 दिसंबर को सहायक अध्यापक-एलटी संस्कृत पद की परीक्षा प्रस्तावित है। इसके बाद 13 दिसंबर को आईटीआई-डिप्लोमा अर्हता वाले विभिन्न पदों के लिए परीक्षा होगी।
जनवरी-फरवरी 2027 में विज्ञान और स्नातक स्तरीय परीक्षाएं
जनवरी 2027 में विज्ञान अर्हता वाले विभिन्न पदों के लिए 17 जनवरी को परीक्षा प्रस्तावित की गई है। वहीं 7 फरवरी 2027 को स्नातक स्तरीय पदों के लिए परीक्षा आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
अंतिम कार्यक्रम बाद में होगा जारी
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा की तैयारियों के साथ आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें। वर्तमान कार्यक्रम को प्रस्तावित बताया गया है और परिस्थितियों के अनुसार परीक्षा तिथियों में बदलाव संभव है। अंतिम परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद ही संबंधित तिथियों को अंतिम माना जाएगा।








