देहरादून- यूटीयू सेमेस्टर परीक्षा पेपर लीक मामला: शिवालिक कॉलेज का सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार, व्हाट्सएप पर भेजे थे परीक्षा से मिलते-जुलते सवाल

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर ऐसे सवाल साझा किए थे, जो बाद में परीक्षा के प्रश्नपत्र से काफी हद तक मेल खाते पाए गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में और कौन-कौन शामिल है।
जानकारी के अनुसार, मामले का खुलासा परीक्षा के बाद विश्वविद्यालय को भेजे गए एक ई-मेल से हुआ। ई-मेल में दावा किया गया था कि तीन जुलाई को सहायक प्रोफेसर ने छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप में परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल साझा किए थे। आठ जुलाई को परीक्षा आयोजित होने के बाद जब इन सवालों का प्रश्नपत्र से मिलान किया गया तो उनमें काफी समानता पाई गई।
शिकायत मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने मामले की आंतरिक जांच कराई। जांच समिति की रिपोर्ट में सामने आया कि आरोपी प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और विश्वविद्यालय के आंतरिक पोर्टल पर परीक्षा से संबंधित प्रश्न साझा किए थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर कॉलेज प्रबंधन ने आशीष कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की तहरीर पर प्रेमनगर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 316, 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान दस्तावेजी साक्ष्य, डिजिटल रिकॉर्ड और गवाहों के बयान जुटाए, जिनके आधार पर गुरुवार को आरोपी सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि पेपर लीक या परीक्षा से जुड़े सवाल साझा करने की इस पूरी साजिश में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। यदि जांच में अन्य व्यक्तियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








