34 प्रस्तावों पर चर्चा, दुग्ध उत्पादकों को 2.75 करोड़ का प्रस्ताव दीपावली से पहले भुगतान की तैयारी, कर्मचारियों को 17 प्रतिशत बोनस देने पर भी सहमति

लालकुआं न्यूज़- नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की बुधवार को प्रशासनिक भवन में अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई। बैठक में दुग्ध संघ से जुड़े 34 प्रस्तावों पर चर्चा की गई। कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। साथ ही 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर भी रणनीति बनाई गई। बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष की 2.52 करोड़ रुपये की दुग्ध लाभ राशि को बढ़ाकर 2.75 करोड़ रुपये करने और दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को भुगतान करने का प्रस्ताव निबंधक को भेजने पर सहमति बनी।
कर्मचारियों को 17 प्रतिशत बोनस/एक्स-ग्रेशिया देने का प्रस्ताव भी निबंधक को भेजा जाएगा। कामगारों समेत दुग्ध संघ के करीब 440 श्रमिकों को प्रोत्साहन राशि देने के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक की शुरुआत स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त करने के साथ हुई। अध्यक्ष, संचालक मंडल के सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। स्व. बिष्ट के नाम से नवनिर्मित दुग्ध समिति भवन का निर्माण कराने पर भी सहमति बनी।
बैठक में दुग्ध संघ के संचालन, कार्यप्रणाली और आगामी कार्ययोजनाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। पारित प्रस्तावों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर भेजने पर सहमति बनी। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने विपणन और परिवहनकर्ताओं पर बकाया राशि की वसूली में सख्ती के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर बकाया जमा नहीं करने वाले परिवहनकर्ताओं को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। बकाया वसूली में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी समेत अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।








