देवप्रयाग में गंगा स्नान के दौरान कांवड़िया तेज बहाव में बहा, भाई की दर्दनाक गुहार- ‘कोई 5 लाख ले लो, बस मेरे भाई को बचा लो’

पौड़ी न्यूज़- सावन और कांवड़ यात्रा के बीच देवप्रयाग के टोंडेश्वर घाट पर गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। हरियाणा के फरीदाबाद निवासी 24 वर्षीय कांवड़िया आर्यन मिश्रा गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद उनके बड़े भाई की बेबसी का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह लोगों से अपने भाई को बचाने की गुहार लगाते हुए नजर आ रहे हैं।
गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में बहा युवक
बताया जा रहा है कि फरीदाबाद निवासी आर्यन मिश्रा, पुत्र सतेंद्र मिश्रा, कांवड़ यात्रा के दौरान देवप्रयाग पहुंचे थे। टोंडेश्वर घाट पर गंगा स्नान करते समय अचानक वह नदी के तेज और उफनते बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते पानी में बह गए।
आर्यन को बहता देखकर उनके बड़े भाई घबरा गए। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई। सामने आए वीडियो में वह बेहद भावुक होकर लोगों से अपने भाई को बचाने की अपील करते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में उनकी बेबसी साफ नजर आ रही है। वह कहते सुनाई दे रहे हैं- ‘कोई 5 लाख ले लो, बस मेरे भाई को बचा लो।’
पुलिस और एसडीआरएफ ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। युवक की तलाश के लिए नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पुलिस के अनुसार बहने वाले युवक की पहचान आर्यन मिश्रा (24), पुत्र सतेंद्र मिश्रा, निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है।
बरसात के कारण इन दिनों गंगा और उसकी सहायक नदियों में पानी का बहाव तेज है। ऐसे में नदी में उतरना श्रद्धालुओं के लिए बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की सावधानी बरतने की अपील
सावन और कांवड़ यात्रा के चलते उत्तराखंड के गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बारिश के दौरान नदियों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ने की संभावना बनी रहती है।
प्रशासन और पुलिस लगातार श्रद्धालुओं से अपील कर रहे हैं कि वे निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें। बैरिकेडिंग पार कर नदी में जाने और तेज बहाव वाले स्थानों के करीब जाने से बचें। टोंडेश्वर घाट देवप्रयाग में अलकनंदा नदी के समीप स्थित है, जहां बरसात के दौरान नदी का बहाव काफी तेज हो सकता है।








