कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा नीब करौरी महाराज के स्थापना दिवस पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे

नैनीताल न्यूज़- विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के वार्षिक स्थापना दिवस पर रविवार को आस्था का महासंगम देखने को मिला। तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचने लगे। मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों और पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें नजर आईं।
प्रातः 5 बजे वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद बाबा के पावन कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब मंदिर परिसर में उमड़ पड़ा। देश-विदेश के विभिन्न राज्यों और शहरों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। निर्धारित पार्किंग स्थलों से शटल सेवाएं लगातार संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम तरीके से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसी भी बैरियर पर श्रद्धालुओं को नहीं रोका जा रहा है। सभी श्रद्धालुओं को वाहन निर्धारित पार्किंग में खड़े कर शटल सेवा से दर्शन के लिए भेजा जा रहा है।
मंदिर क्षेत्र, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नैनीताल पुलिस, जिला प्रशासन और स्वयंसेवक सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
स्थापना दिवस के अवसर पर कैंची धाम में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है और पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। वहीं श्रद्धालुओं की भारी आमद से स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य और अनुशासन बनाए रखने, निर्धारित पार्किंग और शटल सेवाओं का उपयोग करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।








