ऋषिकेश-देहरादून हाईवे पर भीषण हादसा: दो बसों और कार की टक्कर, मौके पर मची चीख-पुकार

ऋषिकेश और देहरादून के बीच सात मोड़ के पास सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां दो बसों और एक कार की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, जबकि दोनों बसों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और बसों में सवार यात्रियों के अनुसार, दुर्घटना की शुरुआत हरियाणा नंबर की एक कार से हुई। बताया जा रहा है कि कार चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बस से जा टकराई।
पहली टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे से आ रही दूसरी बस भी हादसे का शिकार हो गई और तीनों वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।








