रुद्रपुर में थार की छत पर चढ़कर शराब पीते दिखे 7 युवक, स्थानीय लोगों से भिड़े; बोले- ‘अपने शहर में हम ऐसे ही रहते हैं’

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में उत्तर प्रदेश से आए कुछ युवकों का शराब पीकर हुड़दंग मचाने का वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में करीब सात युवक थार गाड़ी की छत पर बैठकर और खड़े होकर खुलेआम शराब पीते नजर आ रहे हैं। युवकों के हाथों में बीयर की क्रेट, सिगरेट और नमकीन के पैकेट भी दिखाई दे रहे हैं। मामला सोमवार देर रात रोडवेज बस अड्डे के पास दिल्ली-नैनीताल हाईवे का बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने टोका तो करने लगे बहस
बताया जा रहा है कि युवक थार की छत पर चढ़कर शराब पीने के साथ तेज आवाज में शोर-शराबा और हुड़दंग कर रहे थे। इस दौरान वहां से गुजर रहे कुछ स्थानीय लोगों ने युवकों को ऐसी हरकत करने से टोका। आरोप है कि समझाने के बजाय युवक स्थानीय लोगों से ही बहस करने लगे।
जब स्थानीय लोगों ने युवकों से पूछा कि क्या वे अपने शहर में भी इसी तरह की हरकत करते हैं, तो युवकों ने कथित तौर पर अकड़ दिखाते हुए कहा, ‘अपने शहर में हम ऐसे ही रहते हैं।’
मथुरा नंबर की थी थार
घटना के सामने आए वीडियो में जिस महिंद्रा थार को देखा जा रहा है, उसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP85CU0909 बताया जा रहा है। यह नंबर उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले का है। बताया जा रहा है कि रुद्रपुर रोडवेज बस अड्डे से उत्तर प्रदेश बॉर्डर की दूरी करीब 500 मीटर है।
स्थानीय लोगों के विरोध के बाद युवक अपनी गाड़ी लेकर मौके से निकल गए। लोगों ने मामले की सूचना बाजार चौकी पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही थार सवार युवक वहां से फरार हो चुके थे।
पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद रोडवेज बस अड्डे के आसपास और हाईवे किनारे सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने खुले में शराब पी रहे लोगों को मौके से हटाया और भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
वहीं, मामले को लेकर एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि शाम के समय इस तरह के झगड़े होते रहते हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब लोगों के बीच यह चर्चा है कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस क्या कार्रवाई करती है।








