उत्तराखण्डकुमाऊं,

हल्द्वानी में अमेजन डिलीवरी स्टोर में भीषण आग, दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत; बाहर से बंद था शटर

हल्द्वानी न्यूज़- रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अमेजन के एक डिलीवरी स्टोर में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय दोनों कर्मचारी स्टोर के अंदर सो रहे थे, जबकि शटर बाहर से बंद था। आग लगते ही पूरे परिसर में धुआं भर गया और दोनों कर्मचारियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

 

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे अमेजन डिलीवरी स्टोर से अचानक धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। पास में स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने सबसे पहले आग देखी और तुरंत फायर ब्रिगेड तथा पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़ें 👉  बनभूलपुरा में पुनर्वास की तैयारी तेज, 20 से 31 मार्च तक लगेंगे पीएम आवास योजना के शिविर

 

 

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्टोर का शटर बंद होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। दमकल कर्मियों ने कटर मशीन से शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक अंदर मौजूद दोनों कर्मचारियों की मौत हो चुकी थी।

 

 

हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  वर्दी घोटाला: सीएम धामी का बड़ा एक्शन, होमगार्ड्स विभाग के DIG अमिताभ श्रीवास्तव निलंबित, संयुक्त जांच समिति गठित

 

 

आग इतनी भीषण थी कि स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान, पार्सल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, एक स्कूटी और मालवाहक टेम्पो पूरी तरह जलकर राख हो गए।

 

 

शॉर्ट सर्किट या बैटरी में आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या चार्जिंग पर लगी स्कूटी की बैटरी में खराबी मानी जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और फायर विभाग की टीमें जांच में जुटी हैं।

 

 

एसपी सिटी बोले- शटर तोड़कर किया गया रेस्क्यू

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर भेजी गई थीं। मौके पर पहुंचने पर स्टोर के अंदर से तेज लपटें और घना धुआं निकल रहा था। शटर बंद होने के कारण अंदर पहुंचना चुनौतीपूर्ण था। कटर मशीन की मदद से शटर तोड़कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन आग बुझने के बाद अंदर दो कर्मचारियों के शव मिले।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थरबाजी, यात्रियों में मचा हड़कंप, आरोपी गिरफ्तार

 

 

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों की मौत दम घुटने और आग की चपेट में आने से हुई प्रतीत हो रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। तकनीकी और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।