उत्तराखंड में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स, 35 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने भेजे निबंध

देहरादून न्यूज़- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विजन निबंध अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। ‘सीएम विद्यार्थी मंथन डॉट कॉम’ पोर्टल पर अब तक 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपने निबंध लिखकर ऑनलाइन अपलोड कर दिए हैं। खास बात यह है कि इस अभियान में सरकारी और निजी स्कूलों के साथ ही जेन जी और अल्फा जेनरेशन के विद्यार्थी भी उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीती 10 अगस्त को कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब तीन लाख विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन मंथन किया था। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से राज्य के विकास को लेकर अपने विजन और विचारों को निबंध के माध्यम से ऑनलाइन साझा करने का आह्वान किया था।
पर्यटन से लेकर शिक्षा और रोजगार तक विषयों पर मांगे विचार
अभियान के तहत विद्यार्थियों को पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक समेत विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि विद्यार्थियों के इन विचारों का वह स्वयं अवलोकन करेंगे और बेहतर सुझावों को राज्य की नीतियों में शामिल करने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने 140 श्रेष्ठ विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों के साथ शासन के सचिवों की मौजूदगी में विचार-विमर्श करने और उनके साथ अपने अनुभव साझा करने की बात भी कही है।
श्रेष्ठ विद्यार्थियों को मिलेगी स्कॉलरशिप
धामी सरकार की ओर से अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप की भी घोषणा की गई है। श्रेष्ठ विद्यार्थियों को उनके करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद के लिए छात्रवृत्ति देने के साथ ही अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे। सरकार की इस घोषणा के बाद अभियान को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह और बढ़ गया है।
पोर्टल पर निबंध की प्रविष्टि अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी मिल रहा है। इससे विद्यार्थियों में अभियान में भाग लेने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
हर मिनट पोर्टल पर पहुंच रही नई प्रविष्टियां
अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल के मुताबिक, यह देश में अपनी तरह का पहला अभियान है, जिसमें जेन जी और अल्फा दोनों जेनरेशन के विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों का अभियान को अच्छा समर्थन मिल रहा है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से लगातार विद्यार्थी अपने निबंध पोर्टल पर अपलोड कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि निबंध अपलोड करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अभियान में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री खुद कर रहे अभियान की मॉनिटरिंग
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वह प्रतिदिन अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। इससे साफ है कि सरकार ने विद्यार्थियों के विजन और ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को काफी अहमियत दी है।
अभियान के जरिए सरकार प्रदेश के युवाओं की सोच, उनके सपनों और उत्तराखंड के विकास को लेकर उनके सुझावों को सीधे समझने का प्रयास कर रही है।








