हल्द्वानी- नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर रहे वाहन चालक सावधान! नैनीताल पुलिस ने कसा शिकंजा, 244 वाहनों के चालान

हल्द्वानी न्यूज- वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर पहचान छिपाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। चेकिंग के दौरान कहीं बाइक की पिछली नंबर प्लेट गायब मिली तो कहीं कार की फैंसी नंबर प्लेट पर नींबू-मिर्च लगाकर पंजीकरण नंबर छिपाने का मामला सामने आया। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन सीज करने से लेकर भारी जुर्माना लगाने तक की कार्रवाई की है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में यातायात एवं थाना पुलिस की ओर से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को पकड़ा, जिसकी पिछली नंबर प्लेट ही हटाई गई थी। वाहन की पहचान छिपाने के इस मामले में पुलिस ने मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।
वहीं, चेकिंग के दौरान एक कार भी पुलिस के हत्थे चढ़ी। कार की आगे लगी फैंसी नंबर प्लेट पर चालक ने नींबू-मिर्च लगा रखी थी, जिससे वाहन का पंजीकरण नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कार का 10,500 रुपये का चालान किया।
244 वाहनों के चालान, 53,500 रुपये जुर्माना
पुलिस ने अभियान के दौरान नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों के साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 244 वाहनों के चालान किए। इन वाहन चालकों से कुल 53,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने स्पष्ट किया कि वाहन की पहचान छिपाने, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और नंबर प्लेट को स्पष्ट व निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने की अपील की।










