पौधरोपण और स्वच्छता अभियान में शामिल हुए सांसद अजय भट्ट

लालकुआं न्यूज़– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा ही संकल्प अभियान के तहत सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने हल्दूचौड़ मंडल में पौधरोपण और स्वच्छता अभियान में भाग लिया। सांसद भट्ट ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद जिला पंचायत की ओर से आयोजित स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया।
उन्होंने स्वच्छता के क्षेत्र में सेवाभाव से कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। सांसद ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण निरंतर चलने वाले जनअभियान हैं। पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रोहित दुम्का, जिला पंचायत सदस्य दीपा चंदोला, कमलेश चंदोला, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, प्रताप रैकवाल और ग्राम प्रधान कार्तिक बमेटा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।








