काशीपुर में 18 साल की छात्रा की हत्या, बॉयफ्रेंड पर शक; रात 10 बजे फोन कर घर से बुलाया, सुबह सड़क किनारे मिला शव

ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में 18 साल की छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बुधवार रात उसके बॉयफ्रेंड जॉनी ने फोन कर उसे घर से बाहर बुलाया था। मां ने बेटी को रोकने की कोशिश की, लेकिन कांति यह कहकर घर से निकल गई कि वह जल्द वापस आ जाएगी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। गुरुवार सुबह उसका शव घर से करीब पांच किलोमीटर दूर रामनगर रोड पर धनौरी गांव के पास सड़क किनारे मिला।

कांति के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी हथियार से वार कर उसकी हत्या की गई। घटना के बाद से जॉनी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

रात 10 बजे जॉनी का फोन आया, मां रोकती रही
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10 बजे काशीपुर की डिफेंस कॉलोनी निवासी कांति के मोबाइल पर जॉनी का फोन आया। आरोप है कि जॉनी ने उसे घर से बाहर बुलाया। कांति की मां बिंदुल देवी ने बेटी को बाहर जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी।

मां के मुताबिक, कांति ने कहा कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगी। इसके बाद वह घर से निकल गई। बताया जा रहा है कि कांति ने बाहर से घर का गेट भी बंद कर दिया था।
रातभर घर नहीं लौटी कांति
कांति के घर से निकलने के बाद परिवार को अंदाजा नहीं था कि उसके साथ कुछ अनहोनी हो चुकी है। वह पूरी रात वापस नहीं लौटी।
गुरुवार सुबह करीब छह बजे काशीपुर-रामनगर रोड पर धनौरी गांव के पास राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवती का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान कांति के रूप में हुई।
घर से करीब 5 किलोमीटर दूर मिला शव
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल कांति के घर से करीब पांच किलोमीटर दूर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
कांति के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रथमदृष्टया पुलिस को आशंका है कि उसके सिर पर किसी हथियार से वार किया गया। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
छह महीने पहले मॉडलिंग का झांसा देकर संपर्क में आया था जॉनी
परिजनों के मुताबिक, रामनगर रोड स्थित रामपुर निवासी जॉनी करीब छह महीने पहले कांति के संपर्क में आया था। आरोप है कि उसने कांति को मॉडलिंग कराने और इस क्षेत्र में आगे बढ़ाने का झांसा दिया था। इसके बाद दोनों लगातार संपर्क में रहने लगे।
कांति की मां का आरोप है कि जॉनी उनकी बेटी को परिवार के खिलाफ भड़काता था। वह कथित तौर पर कांति से कहता था कि उसके घरवाले उसके लिए अच्छा नहीं सोचते और वह उसे मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ाएगा।
जॉनी के नाम पर घर में होता था विवाद
कांति की मां के अनुसार, बेटी जॉनी की बात ज्यादा मानती थी। परिवार के लोग उसे समझाते थे तो वह उनसे बहस करने लगती थी। मां का आरोप है कि जॉनी कांति को परिवार से दूर करने की कोशिश कर रहा था।
परिजनों के मुताबिक, पिछले करीब छह महीने से जॉनी को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।
इसी साल पास किया था हाईस्कूल
कांति ने इसी साल काशीपुर के पंडित गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। वह परिवार की छोटी बेटी थी। उसकी बड़ी बहन शांति देहरादून में एक कंपनी में काम करती है।
कांति का परिवार मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला है और करीब 22 साल से काशीपुर में रह रहा है। उसके पिता दिव्यांग हैं और चौकीदार का काम करते हैं। बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मां ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की
बेटी की मौत के बाद कांति की मां बिंदुल देवी का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने जॉनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मां ने कहा कि आरोपी को जेल भेजने से क्या फायदा, वह बाद में छूट सकता है। उन्होंने आरोपी को अपने सामने कड़ी सजा देने की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी फरार
एसपी के मुताबिक, अभी परिवार की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस ने अपने स्तर से मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घर से निकलने के बाद कांति जॉनी के साथ कहां गई थी और इसके बाद दोनों के बीच क्या हुआ।
घटना के बाद से जॉनी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।








