उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन को मिला नया नेतृत्व, अंकुर शर्मा अध्यक्ष और प्रकाश जोशी महामंत्री निर्वाचित

उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रांतीय अधिवेशन में नैनीताल जिला इकाई का गठन सर्वसम्मति से किया गया। अधिवेशन के दौरान संपन्न चुनाव प्रक्रिया में अंकुर शर्मा को जिलाध्यक्ष तथा प्रकाश जोशी को जिला महामंत्री पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन की घोषणा होते ही उपस्थित पत्रकारों एवं संगठन पदाधिकारियों ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अधिवेशन में संगठन की मजबूती, पत्रकारों के हितों की रक्षा, सदस्यता विस्तार तथा जिला स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने अनेक चुनौतियां हैं, ऐसे में एक मजबूत और सक्रिय संगठन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई टीम पत्रकारों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ-साथ उनके हितों की रक्षा के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रयाग पांडे, प्रदेश उपाध्यक्ष बी.सी. भट्ट, विपिन चंद्रा, भरत शाह, लालकुआं इकाई के अध्यक्ष रणजीत बोरा, महामंत्री दीप जोशी, हरीश पनेरू सहित विभिन्न जिला एवं नगर इकाइयों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
अधिवेशन में संगठनात्मक विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से तय किया गया कि लालकुआं और हल्द्वानी की वर्तमान नगर कार्यकारिणियां यथावत कार्य करती रहेंगी। वहीं नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष अंकुर शर्मा एवं जिला महामंत्री प्रकाश जोशी को जिले की अन्य नगर एवं क्षेत्रीय इकाइयों के गठन की जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों पदाधिकारी आपसी समन्वय से नई इकाइयों का गठन कर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। वहीं जिला महामंत्री प्रकाश जोशी ने कहा कि संगठन की मजबूती, पत्रकारों की एकजुटता और युवा पत्रकारों को मंच प्रदान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
अधिवेशन में पत्रकार कल्याण, संगठन की भावी रणनीति, सदस्यता अभियान और पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि नई जिला कार्यकारिणी के नेतृत्व में नैनीताल जिला इकाई संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगी।








