उत्तराखंड में अगले 3 घंटे भारी, 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी; 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

उत्तराखंड राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार दोपहर प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जून 2026 को 3 घण्टे तक चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बिजली चमकने की संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार पुरोला, बड़कोट, चकराता, सोनप्रयाग, डोईवाला, मसूरी, लोहाघाट, बाराकोट समेत आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की गतिविधियों पर नजर रखने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। वहीं खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने को कहा गया है।
विभाग का कहना है कि तेज हवाओं और आंधी-तूफान के कारण स्थानीय स्तर पर नुकसान की संभावना बनी हुई है। ऐसे में नागरिकों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है।









