उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, सभी जिलों के डीएम को शासन ने जारी किए बड़े निर्देश

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में बारिश का दौर एक बार फिर तेज होने के आसार हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई अन्य जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 29 अगस्त को सुबह 9:49 बजे जारी पूर्वानुमान के आधार पर SEOC ने सभी जिलाधिकारियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
29 अगस्त को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
29 अगस्त को बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका है।
वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। राज्य के शेष जिलों में भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
31 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।
इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के साथ अन्य क्षेत्रों में भी तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
1 सितंबर को देहरादून-टिहरी में ऑरेंज अलर्ट
1 सितंबर को देहरादून और टिहरी में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका जताई है।
इसके अलावा पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
ट्रेकिंग और पर्यटकों की आवाजाही पर विशेष सावधानी
मौसम की स्थिति को देखते हुए SEOC ने पर्वतीय जिलों में बरसात की अवधि के दौरान ट्रेकिंग की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में असामान्य मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के दौरान पर्यटकों की आवाजाही पर भी रोक लगाने को कहा गया है।
सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
SEOC ने सभी जिलाधिकारियों को आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन IRS प्रणाली से जुड़े अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे। पुलिस चौकियों और थानों को आपदा संबंधी उपकरणों और वायरलेस के साथ तैयार रहने को कहा गया है।
इसके अलावा NH, PWD, PMGSY, ADB, BRO, WB और CPWD समेत संबंधित विभागों को सड़क बाधित होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी अपने क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे। अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन बंद नहीं रखने तथा आवश्यक उपकरण जैसे बरसाती, छाता, टॉर्च और हेलमेट वाहनों में रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नालियों और कलवर्ट की सफाई के निर्देश
नगर और कस्बाई क्षेत्रों में नालियों एवं कलवर्ट में मौजूद अवरोधों को तत्काल हटाने को कहा गया है। लोगों के बारिश में फंसने की स्थिति में खाद्य सामग्री और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर विद्यालयों में भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
SEOC ने जिला सूचना अधिकारियों को मौसम संबंधी चेतावनी को आम जनता तक दृश्य एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
आपदा की स्थिति में संपर्क नंबर:
राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष/SEOC के फोन नंबर 0135-2710335, 2664314, 2664315, 2664316, फैक्स 0135-2710334, 2664317, टोल फ्री नंबर 1070, मोबाइल नंबर 9058441404 और 8218867005 पर तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।









