उत्तराखंड में 29 जुलाई तक बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; आज 6 जिलों के लिए यलो अलर्ट

उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार शुक्रवार (25 जुलाई) को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में तेज से अतितीव्र बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और भूस्खलन की आशंका जताई है। वहीं, मैदानी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के किनारे न जाने की सलाह दी गई है।
अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
25 जुलाई:
देहरादून, बागेश्वर, टिहरी और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। सभी 13 जिलों में कहीं-कहीं बारिश के तीव्र से अतितीव्र दौर पड़ सकते हैं।
26 जुलाई:
उत्तरकाशी, देहरादून और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी बिजली चमकने और बारिश की संभावना बनी रहेगी।
27 जुलाई:
बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में तेज से अतितीव्र बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
तापमान का हाल
गुरुवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस हरिद्वार जिले के रुड़की में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर में रिकॉर्ड किया गया।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी लेने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने भी स्थानीय लोगों और पर्यटकों को मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।








