उत्तराखंड में आज से बारिश का दौर तेज, पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट; 1 से 3 जुलाई तक भी बरसेंगे बादल

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को पूरे राज्य के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज सभी जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।
वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 1 और 2 जुलाई को भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
अगले तीन दिन का मौसम
1 जुलाई: राज्य के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
2 जुलाई: उत्तराखंड के अधिकांश जनपदों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
3 जुलाई: अधिकांश जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ तेज बारिश की बौछारें भी पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सतर्कता अपनाने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।








